नंदकिशोर कुमार/न्यूज़11 भारत
डुमरी/डेस्क: डुमरी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. हत्या के मामले में पिछले 19 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौगई निवासी डंडो कुजूर के पुत्र दयाल कुजूर के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, दयाल कुजूर के विरुद्ध हत्या के मामले में न्यायालय से वारंट जारी था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था. आरोपी को पुलिस की ओर से लाल वारंटी घोषित किया गया था. पिछले करीब 19 वर्षों से फरार रहने के कारण पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. इसी क्रम में डुमरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हत्या का आरोपी दयाल कुजूर अपने क्षेत्र में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
बताया जाता है कि हत्या के मामले में आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लंबे समय तक ठिकाने बदलता रहा. करीब 19 साल बाद हुई इस गिरफ्तारी को डुमरी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस द्वारा पुराने मामलों में फरार और वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: भाजपा नेत्री गीता बालमुचू बनीं OMDC की स्वतंत्र निदेशक, आदिवासी समाज के लिए गौरव का क्षण