नपं अध्यक्ष ने बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल, महाप्रबंधक से जांच की मांग

Vaibhaw Vikram

नगर पंचायत हुसैनाबाद क्षेत्र में लगातार ट्रांसफार्मर जलने और बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक

विकास कुमार/न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क:
नगर पंचायत हुसैनाबाद क्षेत्र में लगातार ट्रांसफार्मर जलने और बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक, मेदिनीनगर को विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार, दोषपूर्ण ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति की जांच तथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत पत्र में कहा गया है कि हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं हो रही हैं. भीषण गर्मी के दौरान बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. 

इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि हाल ही में रामबीघा, मेहंदीनगर एवं खादी भंडार क्षेत्र के लिए कुल तीन ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें दो नए और एक मरम्मत किया हुआ पुराना ट्रांसफार्मर शामिल था. आरोप है कि रामबीघा वार्ड संख्या-3 के लिए मरम्मत किया गया पुराना ट्रांसफार्मर भेजे जाने से ग्रामीणों में भारी असंतोष फैल गया. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई और संबंधित ट्रांसफार्मर को दो दिनों तक हुसैनाबाद थाना परिसर में रखना पड़ा. 

शिकायत में इस पूरे मामले के लिए कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, मेदिनीनगर को जिम्मेदार ठहराया गया है. पत्र में कहा गया है कि इस संबंध में उन्हें लिखित प्रतिवेदन भी सौंपा गया था. इसके अलावा कई बार दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने न तो फोन कॉल रिसीव किया और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल की.अजय कुमार भारती ने आरोप लगाया है कि जब जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को ही गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, तो आम जनता की समस्याओं के प्रति विभाग की संवेदनशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित रुचि नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण जनता में विभाग के प्रति असंतोष और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. 

शिकायत पत्र के माध्यम से महाप्रबंधक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, कार्यपालक अभियंता के आचरण एवं कार्यशैली की समीक्षा करने तथा जनहित में आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है. साथ ही हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के लिए गुणवत्तापूर्ण नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्थायी समाधान के लिए जर्जर एवं पुराने बिजली तारों को बदलने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है. नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ेंगी तथा विभाग के प्रति लोगों का विश्वास कमजोर होगा.

यह भी पढ़ें: थाना प्रभारी अजीत कुमार की तत्परता से गुमशुदा बालक सकुशल बरामद, परिजनों में खुशी की लहर