गढ़वा के नये उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने पदाधिकारियों के साथ की परिचयात्मक बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा

Pramod Kumar

एस.आई.आर. व जनगणना की प्राथमिकता और वित्तीय अनुशासन को लेकर दिए निर्देश

अरुण कुमार यादव/न्यूज11  भारत

गढ़वा/डेस्क:  गढ़वा जिले नवनियुक्त उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले के सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों एवं सभी कार्यालय प्रधान के साथ एक वर्चुअली परिचयात्मक बैठक की. इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए.बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आमजन को बेहतर सुशासन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग आवश्यक है.

उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर प्रगति बनाए रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुँचे, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी सजग एवं सचेत होकर अपने कार्यों का निष्पादन करें. साथ ही विकासात्मक योजनाओं की नियमित समीक्षा, जनसुनवाई प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब से बचने पर भी उन्होंने ध्यान देने की बात कही.

उन्होंने कहा कि सरकार की जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही हैं उसे सही तरीके से क्रियान्वित कराना हमारी प्राथमिकता है. योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी तरीके से एवं समयबद्ध रूप से करने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.इस वर्चुअल बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल आपूर्ति आदि जैसी आवश्यक सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करने पर भी चर्चा की गई. उपायुक्त ने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ करने की अपेक्षा जताई.

गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक विषयों पर समय-समय पर जानकारी साझा करते रहें. उनके द्वारा उपरोक्त कार्यो के क्रियान्वयन में संबंधित पदाधिकारियों को अपने स्तर से पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन देने की बात कही गई. वित्तीय कार्यों के संदर्भ में उन्होंने पारदर्शिता एवं सावधानी बरतने की बात कही, ताकि सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित होते रहें.

बैठक में एस.आई.आर. (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) एवं जनगणना कार्यक्रम की प्रगति पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई. उन्होंने एस.आई.आर. एवं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने को लेकर निदेशित किया. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपरोक्त प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं सटीक बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि इसी के आधार पर सरकार विकास कार्यों सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लेती है.

बैठक के दौरान उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों से आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति पर चर्चा की. उन्होंने बाल विकास परियोजना की खराब स्थिति को सुधारने की बात कही. उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से खुले रहने चाहिए. इस कार्य में किसी भी प्रकार की कमी व लापरवाही नहीं बरतने का निदेश दिया. उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा सभी वरीय पदाधिकारियों व कार्यालय प्रधान को ससमय कार्यों के निष्पादन को लेकर स्वयं एवं अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों/कर्मियों को समय पर कार्यालय आने एवं जाने की बात कही.

उन्होंने कहा कि उपरोक्त निदेश का पालन नहीं करने पर औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये जाने वाले संबंधितों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.इसके अतिरिक्त बैठक में उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा आगामी पर्व बकरीद को लेकर लोगों को शुभकामनाएं दी गई तथा लॉ एंड ऑर्डर (विधि व्यवस्था) संधारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए. उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने उपरोक्त सभी विषयों पर समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक कदम उठाने का सुझाव दिया तथा अपेक्षित सहयोग की कामना की एवं जिले के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की बात कही.वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस वर्चुअल बैठक में सभी वरीय पदाधिकारी एवं कार्यालय प्रधान के अतिरिक्त सभी बीडीओ/सीओ एवं अन्य सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: जेएसएलपीएस संकुल संगठनों ने राहगीरों के लिए पनशाला का किया शुभारंभ