न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: मानसून के मद्देनजर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न राजमार्ग खंडों पर आवश्यक रखरखाव एवं सुधार कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं.
मानसून के दौरान जलभराव और यातायात बाधाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए NHAI द्वारा ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, बॉक्स कल्वर्ट एवं क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं की सफाई, साइड ड्रेनों का रखरखाव तथा जल निकासी मार्गों को दुरुस्त करने जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं. इसके साथ ही जलभराव संभावित एवं संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी की जा रही है ताकि बारिश के दौरान यातायात प्रभावित न हो.
NHAI के अधिकारी नियमित रूप से विभिन्न परियोजनाओं एवं राजमार्ग खंडों का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं. संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, जिससे मानसून के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
इस अवसर पर NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि “राष्ट्रीय राजमार्ग केवल सड़कें नहीं, बल्कि विकास और संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि यात्रियों को सुरक्षित, निर्बाध और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके. सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा NHAI की सर्वोच्च प्राथमिकता है.”
NHAI आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना के निर्माण के साथ-साथ उसके प्रभावी रखरखाव के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे ये कार्य न केवल राजमार्गों की गुणवत्ता बनाए रखने में सहायक होंगे, बल्कि वर्षा ऋतु के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. NHAI यात्रियों से अपील करता है कि मानसून के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, सड़क सुरक्षा संकेतों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें.
यह भी पढ़ें- DPS स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम, अपराधों तथा ट्रैफिक नियमों की दी गई जानकारी