सौरभ कुमार गुप्ता/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: नीति आयोग द्वारा विकसित NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) के सफल क्रियान्वयन के लिए सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि NITI TARA एक आधुनिक डिजिटल विश्लेषण एवं समीक्षा प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों की प्रगति का वैज्ञानिक विश्लेषण, नियमित समीक्षा तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि इस पहल से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता में वृद्धि होगी तथा जिला प्रशासन को साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में मदद मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को NITI TARA के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, डैशबोर्ड के उपयोग, डेटा प्रबंधन और समीक्षा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को पोर्टल पर अद्यतन एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ इस डिजिटल टूलकिट का प्रभावी उपयोग करें, ताकि योजनाओं की प्रगति की लगातार निगरानी हो सके और आम जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके.
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, संबंधित पदाधिकारी एवं फेलो उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: चौपारण प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय दैहर में 42 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण, बच्चों में दिखी खुशी