'वोट नहीं तो पहचान नहीं', मंत्री डॉ इरफान अंसारी की बड़ी चेतावनी

Ark Sahuliyar

हर वोटर का नाम सूची में हो, नहीं तो अधिकार भी छिन सकते हैं: डॉ इरफान अंसारी

न्यूज11 भारत
जामताड़ा/डेस्क:
जामताड़ा प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से BLA-2 कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम मंत्री आवास, जामताड़ा में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं BLA-2 सदस्यों ने भाग लिया और संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लिया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि नागरिक पहचान का आधार है. उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने बूथों पर प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं तथा किसी भी व्यक्ति का नाम कटने न पाए.

आगे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा द्वारा जामताड़ा को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के नाम पर एक सुनियोजित प्रक्रिया के माध्यम से गरीबों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के वोट को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है. डॉ. अंसारी ने कहा कि मैंने अपने अन्य सभी कार्यक्रमों को छोड़कर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया है, क्योंकि यह केवल राजनीतिक विषय नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का प्रश्न है. उन्होंने सभी BLO, DLO, वार्ड सदस्यों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे.

उन्होंने आगे कहा, "जिस बूथ पर कांग्रेस मजबूत होगी, उसी बूथ से लोकतंत्र मजबूत होगा. BLA-2 कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठन की रीढ़ हैं." उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जामताड़ा का प्रत्येक बूथ कांग्रेस का सबसे मजबूत बूथ बनाया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में जामताड़ा जिला ट्रेनर जलालुद्दीन अंसारी उपस्थित रहे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, मतदाता सत्यापन, संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है.

प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम कटने से बचाने, गलत प्रविष्टियों को सुधारने तथा SIR प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "जब कोई सरकार जनता का विश्वास खो देती है तो वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के रास्ते तलाशने लगती है. भाजपा जनता के बीच लगातार कमजोर पड़ रही है, इसलिए वह SIR जैसी प्रक्रियाओं को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर चुनावी समीकरण प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और कांग्रेस किसी भी कीमत पर मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होने देगी."

जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा, "कांग्रेस की असली शक्ति उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं. आज का प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई रणनीतिक मजबूती प्रदान करेगा. बूथ स्तर पर संगठित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाएंगे." कार्यकारी जिला अध्यक्ष विजय दुबे ने कहा, "आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन को घर-घर और गांव-गांव तक विस्तार दिया जाएगा. हमारा हर कार्यकर्ता जनता की समस्याओं, अधिकारों और आकांक्षाओं की आवाज बनकर संघर्ष करेगा तथा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा." कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया.

यह भी पढ़ें- पाकुड़: रविंद्र भवन में JMM का एक दिवसीय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन