प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल भरनो द्वारा शनिवार को मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता बिट्टू के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना था.कार्यक्रम में भाजपा मंडल प्रभारी सुमित महली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भरनो स्थित सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नवयुग शिक्षा निकेतन विद्यालय परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया.पौधे लगाने के साथ-साथ उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व एवं वृक्षों की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई.मंडल प्रभारी सुमित महली ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है.उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरणीय संकट गहराता जा रहा है.ऐसे में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है.
उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर समाज को लाभ पहुंचा सकें.वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान "मां के नाम एक पेड़" अभियान का उल्लेख करते हुए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा.कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया तथा पौधारोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया. सभी ने पर्यावरण की रक्षा एवं हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई.मौके पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भोला प्रसाद केशरी,पूर्व मंडल अध्यक्ष हरी शंकर शाही,चंद्रमोहन महतो, अशोक कुमार केशरी, महामंत्री मुरारी केशरी,पीके सिंह,मुकेश सिंह,नीलम गुप्ता,शीला शर्मा,संयुक्ता देवी,मनोहर लाल केशरी,संजय गुप्ता, श्रीकांत केशरी,बिरसा उरांव, रंजीत उरांव,विवेक केशरी, बजरंग गुप्ता,शम्भू केशरी, प्रवीण साहू,दीपक राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.