न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर मानगो मेयर सुधा गुप्ता और विधायक सरयू राय के बीच चल रहा विवाद कांग्रेस की महिला नेत्रियों ने समाप्त कर दिया है. कांग्रेस की महिला नेत्रियों ने विधायक सरयू राय से दोबारा इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने की गुहार लगाई है.
पिछले कुछ दिनों से मानगो की राजनीति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई थी, जहां विधायक सरयू राय ने मानगो की मेयर सुधा गुप्ता के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की थी. पिछले दिनों नगर निगम कार्यालय के बाहर विधायक द्वारा दिए जा रहे धरना प्रदर्शन में मेयर सुधा गुप्ता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जहां विधायक ने अपने संबोधन में कहा था कि मेयर रोजाना अपने मेकअप में हजारों रुपए खर्च करती है. इस बयान ने कांग्रेसी महिलाओं को आक्रोशित कर दिया था, जिसके बाद कांग्रेसी महिलाएं चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी कर रही थी. हालांकि मेयर सुधा गुप्ता के सुझाव से इस पूरे विवाद को कांग्रेसी महिलाओं ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर समाप्त कर दिया है.
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा कांग्रेस महिला प्रदेश की अपर्णा गुहा ने कहा कि माननीय विधायक सरयू राय हमारे अभिभावक है और हम अपने अभिभावक से बेटी-बहू के लिए इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी की उम्मीद नहीं रखते हैं. फिर भी हम मेयर सुधा गुप्ता के सुझाव से इस पूरे विवाद को यहीं समाप्त करते हैं. हम अपने अभिभावक से माफी मांगने की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन हम अपने अभिभावक से इस तरह की भविष्य में आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने की अनुरोध कर रहे हैं, ताकि राजनीति में महिलाओं का सम्मान बरकरार रहे.
इसे भी पढ़ें: JPSC, JSSC और उत्पाद सिपाही भर्ती विवाद पर दिल्ली में भाजपा का प्रदर्शन, हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग