न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: पूरे देश में शिक्षा को लेकर एक मुहिम सा चल पड़ा है. बड़े तो बड़े स्कूली बच्चे भी अब शिक्षा को लेकर काफी जागरूक हो गये हैं. कुछ इस तरह का नजारा धनबाद समाहरणालय में देखने को मिला, जहां गोमो के गुनघसा माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक की मांग को लेकर छात्राएं डीसी से फ़रियाद करने पहुंच गई, परंतु डीसी के कार्यालय नहीं आने से मायूस लौट गई. इससे प्रशासन का स्कूली शिक्षा में सुधार के हाल में किये गये बड़े दावो को मंगलवार को गोमो स्थित गुनघसा माध्यमिक विद्यालय से आये छात्र छात्राओं ने ध्वस्त कर दिया.
काफी संख्या में आये बच्चे स्कूल में शिक्षकों की पोस्टिंग की मांग को लेकर समाहरणालय पहुंच गई. छात्राओं ने जिला कलेक्टरट की सीढ़ियों पर बैठकर विरोध भी जताया. छात्राओं का कहना था की वे अपनी मांग को उपायुक्त के सामने रखने के लिये आईं हैं और सीढ़ियों पर बैठ कर उनके आने का इंतजार कर रही है. दुर्भाग्य की छात्राओं की मुलाकात उपायुक्त से नहीं हो पाई.
धरने पर बैठी छात्राओं ने बताया कि पिछले लंबे समय से स्कूल में मात्र एक ही शिक्षक, मानस सर हैं, जो कि क्लास एक से आठ तक के छात्रों की "क्लास" लेते हैं. पूछे जाने पर एक छात्रा ने बताया कि कोर्स खुद पढ़ाई कर पूरा करती हैं क्योंकि कोई शिक्षक नहीं है. वर्ष पूरा होने के बाद उनको प्रमोशन दे दिया जाता है.
एक अन्य छात्रा ने बताया कि उनको सप्ताह में एक बार ही मानस सर क्लास लेते हैं क्योंकि उनको क्लास के साथ स्कूल का अन्य कामों को भी देखना होता है. पूछे जाने पर कि किसके कहने पर वे उपायुक्त से मिलने पहुंची हैं तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र के मुखिया, स्कूल कमिटी के सदस्य और मानस सर के साथ वे सभी यहां पहुंची हैं ताकि उनको पढ़ाई पूरा करवाने के लिये शिक्षक मिल सके .
स्कूल कमिटी के सदस्य श्यामल मंडल ने बताया कि पूर्व में स्कूल में एक शिक्षक और एक पारा टीचर्स थे. कुछ वर्षों पहले पारा टीचर्स ने स्कूल छोड़ दिया तब से मात्र एक शिक्षक है, जिनपर क्लास एक से आठ तक कुल 264 छात्रों को पढ़ाने की जिम्मेदारी है.
उन्होंने बताया कि शिक्षक की पोस्टिंग के लिये कई बार उपायुक्त, जिला शिक्षक अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियो से लिखित और मौखिक रुप से मांग की गई पर कोई ठोस कदम इस ओर नहीं उठया गया है. श्यामल ने कहा कि इस सम्बन्ध में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो को भी पत्र दिया गया था पर कोई ठोस कार्यवाही अब तक नहीं हो सकी है.
मौके पर उपस्थित शिक्षक मानस, जो कि प्रधानाध्यापक का भी काम देख रहे हैं, ने बताया कि प्रशासनिक कामों के अलावा सभी वर्गो के छात्रों को समयानुसार पढ़ाते हैं. उन्होंने माना कि वर्त्तमान परिस्थितियों में सभी वर्गो के बच्चों पर ध्यान देना संभव नहीं हैं. हालांकि उपायुक्त से इस मुद्दे पर छात्रों की मुलाक़ात नहीं हो सकी कर जिला शिक्षा अधीक्षक ने मांग शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है.
15 अगस्त के पहले दो शिक्षकों की होगी पोस्टिंग : डीएससी
जिला शिक्षा अधीक्षक ( डीएससी) शालिनी डूंगड़ूँग ने बताया कि क्षेत्र के मुखिया का पत्र मिला. उन्होंने आगामी 15 अगस्त से पहले उक्त स्कूल में दो सहायक शिक्षकों की पोस्टिंग करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि अगर नये आये सहायक शिक्षक की पोस्टिंग नहीं हो सकी तो डेपुटेशन पर दो शिक्षक भेजे जायेंगे.
जल्द होगी शिक्षकों की पोस्टिंग : मथुरा प्रसाद महतो
इस बीच टुंडी विधायक और सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि पहले भी वे इस विषय पर उपायुक्त को लिख चुके हैं और फिर बात कर यथा शीघ्र शिक्षकों की पोस्टिंग करने को कहा है. उन्होंने भी कहा कि स्कूल को शीघ्र शिक्षक मिल जायेगा.