संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस ने जिले को भयमुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ 'ऑपरेशन सफाया' की शुरुआत की है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 1 अगस्त से शुरू किया गया यह विशेष अभियान जिले भर में लगातार जारी रहेगा. इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक कार्रवाई करते हुए 4 अवैध हथियार जब्त कर लिए हैं.
एसपी कपिल चौधरी ने जानकारी दी कि ऑपरेशन सफाया के तहत पूरे पलामू जिले में अब तक 851 अपराधियों को चिह्नित किया गया है. चिह्नित अपराधियों में सबसे अधिक संख्या शहर थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद चैनपुर थाना क्षेत्र का स्थान है. पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान को प्रभावकारी बनाने के लिए पलामू एसपी ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ा पहरा रखने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है.
इसके साथ ही, एसपी पलामू ने आम जनता से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नागरिक अवैध गतिविधियों और हथियारों के संबंध में पुलिस को गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी.
यह भी पढ़ें: डुमरी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो - जिला परिषद सदस्य