जयदेव कुमार/न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ में झारखंड आंदोलन के महानायक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्मश्री से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर पुराना डीसी ऑफिस चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया. साथ ही इस चौक का नाम बदलकर 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक' रखा गया. इसके बाद कृषि बाजार समिति परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया.
प्रतिमा का अनावरण झामुमो विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, डीएफओ, एसडीओ, झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम तथा राजद, कांग्रेस और झामुमो के अन्य नेताओं एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में किया गया.
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि दिशोम गुरु के संघर्ष और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में गुरुजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लिया जाएगा.
वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि गुरुजी के अधूरे कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने सभी से संकल्प दिवस के रूप में इस अवसर को मनाते हुए एक सशक्त और समृद्ध झारखंड के निर्माण का प्रण लेने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: लातेहार में वज्रपात का कहर: दो किसानों की मौत, एक महिला आईसीयू में भर्ती