न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो स्थानीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इन पर बीजीआर कोल कंपनी से नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगने का आरोप है. यह घटना बीते 14 मई को हुई थी. एसपी अनुदीप सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में जानकारी देते हुए बताया कि बीजीआर कोल माइन्स कंपनी बरदाहा गांव के पास इकड़ी नाला में एक पुल का निर्माण कर रही है. 14 मई की रात को निर्माण स्थल पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे और नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की. इस मामले में अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 34/26 दर्ज किया गया था.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया. टीम ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की और मानवीय व तकनीकी सूचनाओं के आधार पर इनपुट जुटाए. छापेमारी के बाद अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़दाहा निवासी चांद हांसदा उर्फ चुटरोय और पचुवाड़ा निवासी चानुस सोरेन को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. एसपी ने बताया कि उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है. छापेमारी टीम में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, पप्पू कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार राय सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे.