पाकुड़ की अंडर-12 फुटबॉल टीम का कमाल, राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

Pramod Kumar,News11 Bharat,

तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने लोहरदगा को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की

न्यूज11  भारत

पाकुड़/डेस्क: राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया. तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने लोहरदगा को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की.

इस शानदार सफलता पर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों एवं उनके कोच को सम्मानित किया. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, फुटबॉल और पानी की बोतल भेंट की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं.

उपायुक्त ने खिलाड़ियों, कोच, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जिंदातो बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि जिले के छात्र-छात्राएँ लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे पाकुड़ के लिए गर्व की बात है.

उन्होंने जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएँ, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर सकें. साथ ही जिला खेल पदाधिकारी को उभरते खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया.

पूरे टूर्नामेंट में मध्य विद्यालय जिंदातो की टीम ने अनुशासन, बेहतरीन तकनीकी कौशल, शानदार तालमेल और जुझारूपन का परिचय दिया. सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपने परिश्रम और टीम भावना के दम पर कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया.

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत तथा जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को संसदीय स्थायी समिति में मिली बड़ी जिम्मेदारी