संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पिपराटांड़ थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक किलो से अधिक गांजा, 17,600 रुपये नकद और दो पल्सर मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इस पूरी कार्रवाई का खुलासा एसडीपीओ प्रशांत कुमार 2 ने एक प्रेस वार्ता कर स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कारोबार और हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।
मामले की पहली कार्रवाई बहेरा बाजार क्षेत्र में हुई, जहाँ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बाइक में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीलेश कुमार पुलिस टीम ने तुरंत बहेरा बाजार पहुँचकर नाकेबंदी की और संदिग्ध पल्सर बाइक संख्या JH19C 9296 की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से एक लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से ही नौडीहा, पिपराटांड़ निवासी गुड्डू साईं और कयूम साईं को हिरासत में ले लिया।
इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई टुनुदाग गांव के पास अंजाम दी गई, जहाँ पुलिस ने एक अन्य पल्सर बाइक संख्या JH02 AQ 1409 को रोककर जांच की। इस बाइक पर सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से 1.020 किलोग्राम अवैध गांजा और गांजे की बिक्री से कमाए गए 17,600 रुपये नकद मिले। पुलिस ने तुरंत दोनों युवकों, देवेंद्र सिंह उर्फ टुनु सिंह और चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पिपराटांड़ पुलिस ने दोनों अलग-अलग मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, अधिकारी के ड्राइवर ने ही की हत्या