न्यूज़11 भारत
हुसैनाबाद /डेस्क: झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की 'उन्नति का पहिया' नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत कल शुक्रवार को हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर में 8वीं कक्षा के 27 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रभारी बीडीओ सह अंचल अधिकारी पंकज कुमार, प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सीताराम कुमार एवं श्रम पदाधिकारी चिरंजीवी कुमार उपस्थित रहे.
प्रमुख राजकुमारी देवी ने कहा कि सरकार की यह योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है. साइकिल मिलने से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं का समय बचेगा और वे नियमित व समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे.
प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि फिलहाल प्रखंड के दो मध्य विद्यालयों के कुल 27 विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने कहा कि जिन पात्र विद्यार्थियों को अभी साइकिल नहीं मिल सकी है, उनके बीच भी शीघ्र वितरण किया जाएगा. मौके पर समाजसेवी सतीश कुमार शर्मा, राजद नेता सुदेश्वर राम, मुखिया विजय राम, लड्डू कुमार सिंह, मनोज राम सहित कई शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: कुसुआ कोइरीयाडीह के सरकारी स्कूल में कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया इलाज