उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़11 भारत
राजगंज/डेस्क: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को राजगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारियों ने की, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए.
बैठक को संबोधित करते हुए बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि मोहर्रम का जुलूस पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाए. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने और नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही नशे की हालत में किसी भी प्रकार के जानलेवा खेल, करतब या स्टंट बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
बैठक में कतरास सर्किल इंस्पेक्टर मोहम्मद रुस्तम अंसारी, राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की.
यह भी पढ़ें: घर बनाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 4 लोग घायल