न्यूज़11 भारत
बोकारो/डेस्क: बोकारो सदर अस्पताल से एक दुखद खबर सामने आई है. सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. वीरेंद्र महतो ने बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई. मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे सिटी थाना पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं, परिजनों ने आत्महत्या पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में साजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सुसाइड नोट बरामद
जानकारी के अनुसार, डॉ. वीरेंद्र महतो का शव अस्पताल परिसर में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
परिजनों ने लगाया अस्पताल में साजिश का आरोप
इधर, मृतक के परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी और डॉ. वीरेंद्र महतो के आत्महत्या करने जैसी कोई स्थिति नहीं थी. उनका आरोप है कि अस्पताल में ही उनके साथ किसी तरह की साजिश हुई है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, घटना के काफी समय बाद तक सदर अस्पताल के सिविल सर्जन या उपाधीक्षक के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी भी देखी गई. फिलहाल सिटी थाना पुलिस सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि: नेमरा में स्थापित होगी गुरु जी की आदमकद प्रतिमा, राज्यभर में श्रद्धांजलि सभा