हरिहरगंज में पुलिस की कार्रवाई, दो अवैध देशी कट्टे के साथ अपराधी गिरफ्तार

News11 Bharat

​न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क:
पलामू जिला अंतर्गत हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी के पास से दो अवैध देशी कट्टे भी बरामद किए हैं. छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिनांक 11 जून को पुलिस को गुप्तचर के माध्यम से यह पुख्ता सूचना मिली थी कि सरसोत गांव में एक लड़का अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है. सूचना मिलते ही पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

​छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में आगे बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरसोत गांव से अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष है और वह स्थानीय निवासी उपेंद्र साव का पुत्र है. गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टे बरामद किए.

​इस पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी अभय कुमार उर्फ लड्डू और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हरिहरगंज थाने में शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है. पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास का पता लगाया गया, जो फिलहाल पूरी तरह से शून्य पाया गया है.

​इस सफल छापेमारी अभियान में हरिहरगंज पुलिस और जिला बल के जवान शामिल थे. एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि छापेमारी दल में मुख्य रूप से पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ, सहायक अवर निरीक्षक सह पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा सहित सशस्त्र बल के आरक्षी लाल बाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उँराव, प्रीतम कुमार जयसवाल, गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश और सहायक पुलिस कर्मी राजेंद्र कुमार यादव शामिल थे, जिन्होंने मुस्तैदी से इस कार्रवाई को अंजाम दिया.