बकरीद को लेकर बरवाडीह व छिपादोहर में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत

बरवाडीह/डेस्क:  आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर बुधवार को बरवाडीह एवं छिपादोहर थाना क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए.

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने दोनों थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों, मुख्य चौक-चौराहों, मस्जिदों तथा अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास गहन जांच-पड़ताल की. साथ ही लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई. पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही. अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने की बात कहते हुए लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें. पुलिस ने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न मोहल्लों में जाकर प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं धर्मगुरुओं से भी मुलाकात की. इस दौरान बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया गया. अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की पैनी नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है.फ्लैग मार्च में बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: हरि उरांव ने संभाला चैनपुर के 10वें एसडीओ का पदभार , शांति व्यवस्था और विकास को बताया पहली प्राथमिकता