न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आज प्रेस वार्ता कर जामताड़ा के सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत पर प्रशासन और सरकार को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रही है और राज्य में कानून नाम की कोई चीज नही बची है.
प्रतुल शाहदेव ने बताया कि अहले सुबह चार थानों की पुलिस जामताड़ा जिलाध्यक्ष के घर आ धमकी और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया जैसे यह कोई आतंकवादी का घर हो. शाहदेव ने कहा कि प्रशासन ने जामताड़ा जिलाध्यक्ष और उनके परिवार को भयभीत किया है. उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ने परेशान होकर सभी बड़े अधिकारियों को फ़ोन किया, लेकिन किसी ने भी फ़ोन नही उठाया, न ही वापस कॉल किया.
बताते चलें यह पूरा मामला स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा हुआ है. जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. अस्पताल में तोड़फोड़ भी हुई. इस मामले में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर हंगामा करवाने का आरोप लगाया था. इसी मामले में जामताड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष के घर प्रशासन पहुंची थी. इस मामले में अब प्रतुल शाहदेव ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज जारी करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें: तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू, शुरू हुई बैठक