DPS स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम, अपराधों तथा ट्रैफिक नियमों की दी गई जानकारी 

Ark Sahuliyar

न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क:
राजधानी रांची के डीपीएस स्कूल, जगन्नाथपुर में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं उसके सेवन के दुष्प्रभाव, साइबर क्राइम, महिला एवं बालकों से संबंधित अपराधों तथा ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया.



आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक डीएसपी एवं हटिया डीएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए. अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित करता है.



कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई. छात्रों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. वहीं महिला एवं बालकों से जुड़े अपराधों की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया.



इसके अलावा सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने और सुरक्षित यातायात के महत्व पर प्रकाश डाला.कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका जवाब देते हुए उन्हें कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया. इस पहल का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाना है.

यह भी पढ़ें- चंदनकियारी की बेटी बबिता हेम्ब्रम को राष्ट्रीय सम्मान, अमर कुमार बाउरी ने दी बधाई