अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क : बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वितरित मिठाई के पैकेटों पर एक खनन कंपनी (एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड - NML) का स्टीकर लगाए जाने का मामला प्रकाश में आया है. मामले को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय अस्मिता का पावन पर्व है. किसी भी सरकारी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान किसी व्यावसायिक उपक्रम अथवा खनन परियोजना का प्रचार-प्रसार करना प्रशासनिक प्रोटोकॉल और पर्व की गरिमा के सर्वथा विरुद्ध है.
उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह सार्वजनिक करना चाहिए क्योंकि स्वतंत्रता दिवस पर मिठाई वितरण पर कंपनी का स्टीकर लगाना गंभीर अनियमितता है. यदि यह किसी सामाजिक पहल (CSR) के तहत था, तो इसके लिए विधिवत प्रशासनिक स्वीकृति थी या नहीं, इसकी जानकारी जनता के समक्ष आनी चाहिए. प्रशासनिक मंच से किसी विशेष कंपनी का इस प्रकार परोक्ष प्रचार होना प्रशासन की निष्पक्ष कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है, जिससे स्थानीय जनता और विस्थापित ग्रामीणों में भारी असंतोष है.अनीता देवी ने बालूमाथ के प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव से भी इस संबंध में बात की है. बीडीओ ने इसे ग़लत बताते हुए मामले की जाँच कराने की बात कही है. जिप उपाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "राष्ट्रीय पर्व किसी कंपनी के प्रचार या ब्रांडिंग का माध्यम नहीं हो सकता. सरकारी कार्यालयों को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी दिखना चाहिए. मैं उपायुक्त लातेहार से मांग करती हूँ कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए कि किसके निर्देश पर ये स्टीकर लगे पैकेट बांटे गए और इसके पीछे क्या मंशा थी."
यह भी पढ़ें: मेधावी छात्रों का सम्मान: 95% और 92% अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि