न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मानसून सक्रिय है. बीते कई दिनों से राजधानी रांची समेत विभिन्न जिलों में झमाझम बारिश हो रही है. वहीं आज रविवार को भी बारिश की संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. इसका मुख्य रूप से देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा समेत आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और बोकारो समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भागों में आज हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 12 अगस्त तक पूरे झारखंड में बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे बारिश की और मेघ गर्जन की आशंका जतायी गयी है.
बीते 24 घंटे में राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. राजधानी रांची में कल शनिवार को 7.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा जमशेदपुर में 52.4 मिमी, डाल्टनगंज में 13.6 मिमी, चाईबासा में 9.4 मिमी और बोकारो में 3.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
इसे भी पढ़ें: AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने वाला युवक भेजा गया जेल