राजगंज: 10 फीट लंबे भारतीय अजगर और 32 अंडों का सुरक्षित रेस्क्यू, ग्रामीणों में थी दहशत

News11 Bharat

उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़11 भारत 
राजगंज/डेस्क:
अकुरा गांव में एक विशालकाय भारतीय अजगर (इंडियन रॉक पायथन) और उसके 32 अंडों का सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. यह रेस्क्यू संस्था बीइंग काइंड एंड हैप्पी तथा वन विभाग तोपचांची रेंज की संयुक्त टीम द्वारा किया गया.

जानकारी के अनुसार, खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने करीब 9 से 10 फीट लंबे और लगभग 20 से 25 किलो वजनी अजगर को अंडों के साथ देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष डॉ. स्वतंत्रत कुमार के निर्देश पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. संस्था के सचिव एवं वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू एक्सपर्ट राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में चिन्मय कुमार और रोशन महतो ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर और उसके लगभग 32 अंडों को सुरक्षित रेस्क्यू किया.

रेस्क्यू के दौरान टीम ने ग्रामीणों को सांपों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं और बताया कि अजगर जहरीला नहीं होता, इसलिए घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें. ग्रामीणों ने बताया कि इस अजगर की खबर से आसपास के तीन गांवों में काफी दहशत का माहौल था. वहीं मौके पर वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड संतोष दत्ता, विपिन महतो एवं किशून मंडल ने भी अहम भूमिका निभाई.

यह भी पढ़े: हुसैनाबाद में 23 व 24 मई को मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान, अनमैप्ड वोटरों का होगा सत्यापन