रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने पर्यावरण संरक्षण को बताई सामूहिक जिम्मेदारी, नागरिकों से की आगे आने की अपील

News11 Bharat

राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: 
विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर 05 जून शुक्रवार को नमामि गंगे योजना के तहत थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट, रामगढ़ में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा दामोदर नदी तट के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य रूप से जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा किया गया.

इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सुरेंद्र कुमार दिनकर, डीपीओ नमामि गंगे चंदन कुमार उपस्थित रहे. इनके साथ ही अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, दामोदर बचाओ आंदोलन के सदस्य, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं, विद्यार्थी एवं आम नागरिक भी भारी संख्या में उपस्थित रहे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने सभी का अभिवादन किया और जिलेवासियों से एक अपील की. उन्होंने कहा, "जैसे माँ हमारा पालन-पोषण करती है, वैसे ही प्रकृति भी हमारा जीवन संवारती है. आइए, इस पर्यावरण दिवस पर हम सभी 'एक पेड़ माँ के नाम' जरूर लगाएं. केवल पौधा लगाना ही हमारा कर्तव्य नहीं है, बल्कि पौधों के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा (ट्री-गार्ड/गेबियन) लगाकर उन्हें सुरक्षित करने और उनके बड़े होने तक की देखरेख की पूरी जिम्मेदारी भी हमें उठानी होगी. पेड़ लगाना हमारे आने वाले कल और भविष्य की पीढ़ी के लिए जीवन का वरदान होगा.

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा बढ़ता हुआ तापमान और असंतुलित मौसम चक्र हमें सचेत कर रहा है कि अब हमें प्रकृति के प्रति गंभीर होना होगा. पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है. जब तक हर नागरिक अपने स्तर पर पानी बचाने, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा का संकल्प नहीं लेगा, तब तक हम अपनी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ वातावरण नहीं दे पाएंगे

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की स्वच्छता और पौधों की देखरेख पर जोर देते हुए सीईओ छावनी परिषद विवेक सिंह ने कहा छावनी परिषद रामगढ़ क्षेत्र को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. दामोदर नदी घाट पर जो आज पौधरोपण किया गया है, उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होगी. सिर्फ पौधा लगाना ही काफी नहीं है, उसे मजबूत सुरक्षा घेरा (गेबियन) प्रदान करना और वृक्ष बनने तक पाना असली सेवा है. मैं छावनी क्षेत्र के सभी निवासियों और युवाओं से अपील करता हूँ कि वे इस हरित अभियान का हिस्सा बनें और रामगढ़ को स्वच्छ व सुंदर बनाने में योगदान दें

इस अवसर पर आम जनमानस को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया. कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से पेड़ों के महत्व, जल संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन का संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.

कार्यक्रम के तहत वन प्रमंडल, रामगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए 50 पौधे रोपे गए. इन पौधों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाते हुए, सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा व्यवस्था किए गए 50 मजबूत गेबियन घेरों (ट्री-गार्ड) को मौके पर ही लगाया गया, ताकि पौधे पूरी तरह सुरक्षित रह सकें. वहीं, वृक्षारोपण स्थल पर साफ-सफाई, गड्ढों की खुदाई एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं छावनी परिषद एवं नगर परिषद रामगढ़ द्वारा सुनिश्चित की गईं. इसके साथ ही उपायुक्त के निर्देश पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला अंतर्गत सभी कार्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वही उपायुक्त द्वारा सभी जिले वासियों से अपने-अपने क्षेत्र में पेड़ लगाने एवं उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गयी है.