रांची: PLFI उग्रवादी संगठन का सुप्रीमो अमृत होरो गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

Mansi Kumari

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
झारखंड में नक्सली नेटवर्क के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के बीच रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं. पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का सुप्रीमो और 10 लाख रूपए के इनामी नक्सली अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं. बताया जा रहा है कि उसे रांची के लापुंग इलाके से देर रात गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा गया.

रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि पीएलएफआई का सुप्रीमो अमृत होरो लापुंग क्षेत्र का छिपा हुआ हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल अमृत होरो से गुप्त ठिकानों, संगठन के नेटवर्क और अन्य उग्रवादियों के बारे में पूछताछ की जा रही हैं. 

अमृत होरो लंबे समय से पीएलएफआई संगठन का सक्रिय और सबसे बड़ा चेहरा माना जाता रहा हैं. उसके खिलाफ रांची और खूंटी समेत कई जिलों में रंगदारी, आगजनी, धमकी और नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसने निर्माण स्थलों, रेलवे परियोजनाओं और ठेकेदारों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश की थी. कई बार उसके दस्ते पर सरकारी योजनाओं में काम कर रही कंपनियों को धमकाने के आरोप भी लगे थे. जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले भी अमृत होरो और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी. उस दौरान पुलिस ने उसे घेर लिया था, लेकिन वह जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया था. इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी.

यह भी पढ़े: होर्मुज में बढ़ा तनाव, अमेरिका ने फिर किए ईरानी ठिकानों पर हमले, बंदर अब्बास में देर रात गूंजे धमाके