रांची पुलिस का बड़ा एक्शन: शहर से ग्रामीण इलाकों तक पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान, वाहनों और लोगों की हुई जांच

Vaibhaw Vikram

न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क:
रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस स्पेशल ड्राइव चला चल रहा है जिसमें  एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी की मौजूदगी में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया. इस दौरान अपराधियों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और रईस ड्राइविंग करने वालों पर विशेष नजर रखी गई.

रांची पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत शहर के लगभग 25 और ग्रामीण क्षेत्र के 8 से अधिक प्रमुख सड़कों एवं चेक पोस्टों पर सघन वाहन जांच की गई. अभियान में डीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे. आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की भी गहन पड़ताल की गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, संगठित अपराधियों पर नकेल कसना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है. इसी के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई.

अभियान के दौरान रईस ड्राइविंग, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी गई. ड्रंक एंड ड्राइव पर भी लगातार  कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है. ट्रैफिक एसपी  का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. अपराधियों के खिलाफ सख्ती, शराबियों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस का यह संयुक्त अभियान साफ संदेश दे रहा है कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब किसी तरह की ढील नहीं होगी.

यह भी पढ़ें: अरगोड़ा थाने में हंगामा, सड़क हादसे में घायल युवक के लिए उचित मुआवजे की मांग पर भड़के परिजन