न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक कारोबारी के घर पर फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी. बदमाशों ने घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घर के बाहर खड़ी महिंद्रा थार वाहन में गोली लगने से क्षति पहुंची है. पीड़ित कारोबारी राजकुमार साह के अनुसार, रात करीब 12:17 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को 'कुंडी' बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की. आरोपी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि रकम नहीं देने पर उनका अंजाम भी कारोबारी कन्हैया यादव जैसा होगा.
देर रात बाइक पर सवार तीन अपराधी इलाके में पहुंचे थे
राजकुमार साह ने बताया कि उन्होंने कॉलर से कहा कि उनके पास इतनी बड़ी रकम नहीं है. इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया और सोने चले गए. सुबह उठने पर उन्हें घर के बाहर हुई फायरिंग की जानकारी मिली. स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात बाइक पर सवार तीन अपराधी इलाके में पहुंचे थे. बदमाशों ने कारोबारी के घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. फायरिंग के दौरान एक गोली घर के बाहर खड़ी थार गाड़ी के शीशे को चीरते हुए निकल गई. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक जांच में इस घटना के तार कन्हैया यादव हत्याकांड से जुड़े कुख्यात अपराधी बिल्ला पाठक से जुड़ते नजर आ रहे हैं. बिल्ला पाठक फिलहाल जेल में बंद है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि उसके इशारे पर ही उसके गुर्गों ने रंगदारी और फायरिंग की इस वारदात को अंजाम दिया.