उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले के आरोपी कृष्ण कुमार को राहत, मिली अग्रिम जमानत 

Ark Sahuliyar

उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले के आरोपी कृष्ण कुमार को अग्रिम राहत मिली है. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की कोर्ट ने उसे अग्रिम जमानत दी.

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले के आरोपी कृष्ण कुमार को अग्रिम राहत मिली है. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की कोर्ट ने उसे अग्रिम जमानत दी. कथित पेपर लीक का मामला 11 अप्रैल 2026 का है. तमाड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक अर्ध निर्मित भवन  पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है.   जिसको लेकर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात धावा बोला, जहां अर्धनिर्मित भवन के बाहर गाड़ियों का जमावड़ा लगा था. 

भवन के पास जैसे ही छापेमारी दल पहुंची, लोग इधर-उधर भागने लगे. लेकिन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 166 लोगों को धर दबोचा था, जिसमें अंतराज्यीय पेपर लीक और पेपर सॉल्वर गिरोह सरगना के 5 आरोपी भी शामिल थे. गिरोह के अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह,आशीष कुमार, और योगेश प्रसाद शामिल थे. इसके बाद भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. गैंग के एजेंटों द्वारा अभ्यर्थियों को प्रश्न और उसके उत्तर रटाये जा रहे थे. मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई  है.

यह भी पढ़ें- नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, IFS अधिकारी राजीव लोचन बख्शी के खिलाफ कार्रवाई की मांग