उपद्रव और हिंसा लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं, दोषी संगठनों पर हो सख्त कार्रवाई- राकेश कुमार सिंह

Pramod Kumar,News11 Bharat,

विद्यार्थियों की जायज़ मांगों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं - राकेश

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क: मजदूर नेता सह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), पलामू के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी राकेश कुमार सिंह ने देश की वर्तमान परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. अपने आवासीय कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जायज़ मांगों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं, नीट परीक्षा के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, शिक्षा मंत्री द्वारा अपने पद से इस्तीफा दिया जा चुका है तथा कैबिनेट में भी इससे संबंधित बिल पास हो गया है.

इसके बावजूद सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर किसकी शह पर आंदोलनों की आड़ ली जा रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर जिस तरह उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों ने सरकारी संपत्तियों में तोड़फोड़ की है और हिंसा फैलाई है, उसे किसी भी कीमत पर जायज नहीं ठहराया जा सकता.

राकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों, पत्रकारों, सैनिकों, संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों अथवा धार्मिक आस्थाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकता. आंदोलन का मुख्य उद्देश्य हमेशा संविधान और कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रखना होना चाहिए. यदि कोई व्यक्ति या समूह हिंसा, अशांति और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो उसकी निष्पक्ष जाँच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि देशविरोधी अथवा हिंसक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले संगठनों और व्यक्तियों पर सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएँ. यदि इस विषय पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो शिव शिष्य सेना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगामी 15 दिनों के बाद नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन आंदोलन करेगी. अंत में उन्होंने देशवासियों और युवाओं से संयम, मर्यादा तथा संविधान के दायरे में रहकर देश की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक सौहार्द की रक्षा करने की अपील की.

इस अवसर पर लोजपा के चैनपुर प्रखंड अध्यक्ष उदय प्रजापति, दीपक कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में बाबूलाल मरांडी ने दी 'समरसता संकल्प अभियान' की जानकारी, कहा- समाज को जोड़ने की जरूरत