गर्भवती महिला की मौत के बाद सड़क जाम: सांसद-विधायक समेत कई पर एफआईआर, 18 घंटे तक ठप रहा यातायात

News11 Bharat

न्यूज11 भारत
बेरमो/डेस्क:
बेरमो में गर्भवती महिला अनिता कुमारी की मौत के बाद हुए सड़क जाम मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. अनुमंडल दंडाधिकारी के आवेदन पर धनबाद के सांसद Dhullu Mahato और डुमरी के विधायक Jairam Mahato समेत कई नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

प्रशासन के अनुसार 29 मई 2026 की रात करीब 10 बजे रिजनल अस्पताल ढोरी में इलाज के दौरान अनिता कुमारी को मृत घोषित किया गया था. पोस्टमार्टम के बाद 30 मई को शव परिजनों को सौंप दिया गया. आरोप है कि इसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने परिजनों को भड़काकर दीनदयाल चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और बांस-पत्थर लगाकर चारों दिशाओं से यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया.

सूचना मिलने पर अनुमंडल प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. प्रशासन का दावा है कि करीब 200 से 250 लोगों की भीड़ ने सड़क को अवैध रूप से जाम कर रखा था, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. प्राथमिकी में कहा गया है कि जाम लगभग 18 घंटे तक जारी रहा. इस दौरान कई थानों की पुलिस, महिला बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहे. प्रशासन ने सड़क जाम को अवैध घोषित करते हुए कई बार प्रदर्शनकारियों से हटने की अपील की, लेकिन भीड़ ने निर्देशों की अनदेखी की.

जांच के दौरान कई लोगों की पहचान की गई है. प्राथमिकी में विनोद विश्वकर्मा, अमन कुमार रवि, कुणाल महतो, राजकुमार गिरी, अर्चना सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, आनंद कुमार, सूरजकांत पांडेय उर्फ सूरज पांडेय, टिंकू शर्मा सहित करीब 200 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. प्रशासन का आरोप है कि सड़क जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सरकारी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हुई. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.