विकास कुमार/न्यूज़11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत जपला रेलवे सुरक्षा बल ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत एक सफलता हासिल की है. वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं RPF पोस्ट जपला के निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में चलाई गई विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जपला स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन से अवैध देसी शराब के साथ एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात लगभग पौने दस बजे बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन जपला स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आकर रुकी. उसी दौरान उप-निरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी सुरेश मुर्मू और आरक्षी मनोज की टीम ट्रेन में नियमित जांच कर रही थी.
सामान्य कोच के शौचालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति भारी बोरी के साथ खड़ा दिखाई दिया. RPF जवानों ने जब उससे पूछताछ की और बोरा खोलने को कहा, तो वह हीला-हवाली करने लगा. संदेह गहराने पर RPF जवानों ने उसे बोरे समेत ट्रेन से नीचे उतारा और गवाहों के समक्ष बोरे की तलाशी ली. बोरा खोलने पर उसमें से झारखंड निर्मित 'छबीली' ब्रांड की 40 बोतलें कुल आठ लीटर देसी शराब बरामद की गईं, जिस पर स्पष्ट रूप से 'केवल झारखंड में बिक्री हेतु' अंकित था. बरामद शराब की कुल कीमत अठारह सौ रुपये आंकी गई है. पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम ननकू राम, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम चंदर बीगहा, थाना बारुण, जिला औरंगाबाद, बिहार बताया. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैसो क़े लालच में बिहार में झारखंड से शराब ले जाकर वहां ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध कमाई करता था. RPF टीम ने रात दस बजे मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची बनाकर शराब को जब्त किया और आरोपी को हिरासत में लेकर RPF पोस्ट जपला लाया. इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार तस्कर और जब्त शराब को उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज के सुपुर्द कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- चक्रधरपुर रेल मंडल में CBI की बड़ी कार्रवाई, ₹4 लाख की रिश्वत लेते डिप्टी चीफ इंजीनियर गिरफ्तार