विकास कुमार /न्यूज 11 भारत
हुसैनाबाद /डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे क़े पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल अंतर्गत जपला रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है. यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं जपला आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई.निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा ने बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन संख्या 53349 अप के सामान्य कोच की सघन तलाशी ली गई. जांच के दौरान शौचालय के पास लावारिस हालत में रखी दो बोरियां और एक झोला मिला. यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया.तलाशी लेने पर बोरियों से 'रॉयल झारखंड डीलक्स' ब्रांड की 400 बोतलें देशी शराब कुल 80 लीटर बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है. सभी बोतलों पर "For Sale in Jharkhand Only" अंकित था. कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश राम, मुख्य आरक्षी सुभाष चंद्र यादव, राजनाथ तथा आरक्षी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव शामिल थे. जब्त शराब को विधिवत जब्ती सूची बनाकर अभिरक्षा में लिया गया और 23 जुलाई को उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज को सौंप दिया गया, जहां आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: एसआईआर को लेकर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने किया बचरा के सभी मतदान केंद्रों का दौरा, बीएलओ से ली जानकारी