ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: भोजूडीह रेलवे पोस्ट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आद्रा आरपीएफ सीआईबी यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर रेलवे की इंजीनियरिंग सामग्री चोरी के मामले में एक युवक और एक नाबालिग को हिरासत में लिया. कार्रवाई के दौरान रेलवे इंजीनियरिंग सामग्री के अलावा मछली प्लेट के तीन टुकड़े तथा चार पेट्रोल क्लिप बरामद किए गए.
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बरामद सामान की चोरी करने की बात स्वीकार की. उनकी पहचान धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र के भैंरा नगिना बाजार निवासी 22 वर्षीय दीपक बाउरी तथा बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के सहारजोरी गांव निवासी 17 वर्षीय प्रेम कुमार पांडेय (नाबालिग) के रूप में हुई है.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में पता चला कि दोनों रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य की सुरक्षा में कार्यरत थे. इसी दौरान वे रेलवे की सामग्री चोरी कर अवैध गतिविधियों में भी संलिप्त थे. भोजूडीह रेलवे पोस्ट में दोनों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] की धारा 3(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को धनबाद न्यायालय भेज दिया गया.
गौरतलब है कि इससे पहले 4 जून को भी भोजूडीह रेलवे पोस्ट की टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था. लगातार हो रही कार्रवाई से रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है.