बुंडू में सफाई व्यवस्था बदहाल, 13 वार्डों के लिए सिर्फ 9 कचरा गाड़ियां; विभाग से बड़ी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग

News11 Bharat

बुंडू में सफाई व्यवस्था की बदहाली देखने को मिल रही है. बुंडू नगर पंचायत के अंतर्गत 13 वार्ड हैं, जबकि कचरा उठाव के लिए केवल 10 वाहन स्वीकृत हैं. विभाग से बड़ी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग की जा रही है.

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की बदहाली और कचरा उठाव के लिए वाहनों की कमी का मामला एक बार फिर सामने आया है. आजसू पार्टी के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा ने नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव को पत्र भेजकर बुंडू के लिए बड़ी इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है.

कचरा उठाव के लिए केवल 10 वाहन

राजकिशोर कुशवाहा ने अपने पत्र में कहा है कि बुंडू नगर पंचायत के अंतर्गत 13 वार्ड हैं, जबकि कचरा उठाव के लिए केवल 10 वाहन स्वीकृत हैं. इनमें से भी एक वाहन लंबे समय से खराब पड़ा है. वर्तमान में मात्र 9 छोटे वाहनों के सहारे पूरे नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था संचालित हो रही है, जिससे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो रहा है.

उन्होंने कहा कि छोटे आकार की गाड़ियों में एक बार में पर्याप्त मात्रा में कचरा नहीं उठाया जा सकता. इसके कारण कई इलाकों में समय पर कचरा संग्रहण नहीं हो पा रहा है और जगह-जगह कचरे का अंबार लग रहा है. इससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है.

विभाग से बड़ी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग

राजकिशोर कुशवाहा ने विभाग से मांग की है कि बुंडू की बढ़ती आबादी और क्षेत्रफल को देखते हुए नगर पंचायत को अधिक संख्या में बड़ी इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएं. उनका कहना है कि इससे नियमित सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और 'स्वच्छ बुंडू' के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर नगर विकास एवं आवास विभाग शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर बुंडू की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा.

इसे भी पढ़ें: "अहंकार में डूबे अधिकारी, न फोन उठाते, न पत्र का जवाब देते हैं", वित्त मंत्री ने कैबिनेट सचिव को लिखा पत्र