न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: विधायक सरयू राय से जुड़ा गोपनीय दस्तावेज लीक मामले में दस्तावेज का फोटो खींचने वाले कर्मचारी को आरोपी बनाने की मांग वाली याचिका पर आज (5 जून) सुनवाई हुई. यह सुनवाई MP/MLA की विशेष कोर्ट में की गई. सुनवाई के दौरान सरयू राय की ओर से याचिका की कॉपी रिसीव की गई. साथ ही इस मामले में कोर्ट ने जवाब दाखिल करने का समय दिया है. CRPC 319 की याचिका दाखिल कर कर्मचारी शंभू सिंह को आरोपी बनाने की कोर्ट से अनुमति मांगी गई है.
वहीं, अभियोजन पक्ष के 4 गवाहों ने अपने बयान में बताया है कि शंभू सिंह को गोपनीय दस्तावेज का फोटो खींचते देखा है. मामले में अभियोजन पक्ष ने अनुसंधानकर्ता समेत 12 गवाहों की गवाही कराई है. विधायक सरयू राय के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव ने मई 2022 में डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. सरयू राय पर गोपनीय दस्तावेज की चोरी कर लीक करने का आरोप लगाया गया है.
गोपनीय दस्तावेज के आधार पर सरयू राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. कोरोना काल में कोविड प्रोत्साहन राशि में अनियमितता और घोटाला का आरोप लगाया था. तत्कालीन मंत्री बन्ना गुप्ता पर आरोप लगाया था. नियमों को ताक में रखकर 60 लोगो को अवैध रूप से राशि का भुगतान करने का आरोप लगाया था.
यह भी पढ़ें: कांके डैम की ड्रोन मैपिंग शुरू, अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज