मधु सुदन/न्यूज 11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला आरआईटी थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने एवं चापड़ से जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चापड़ भी बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, आरआईटी थाना कांड संख्या-22/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह मामला रोड नंबर-7, गायत्री बस्ती निवासी प्रेम चंद्र वर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ.
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रोड नंबर-15 निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी तथा रोड नंबर-23 निवासी आदित्य कश्यप ने दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग की विरोध करने पर दोनों ने लोहे के धारदार चापड़ से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी तथा आदित्य कश्यप के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी के विरुद्ध पूर्व में भी बिष्टुपुर थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज है. इस कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत प्रसार, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, विमलेश कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, रामलखन प्रसाद तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.