विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के जोकट में सड़क चौड़ीकरण और सिक्सलेन निर्माण कंपनी द्वारा वनवे व्यवस्था, डिवाइडर निर्माण और बीच-बीच में सड़क कटिंग कर गड्ढे छोड़ देने के कारण से भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है. जाम करीब 12 घंटे से लगातार लगा हुआ है. निर्माण कार्य के दौरान सड़क को एकतरफा कर दिया गया है और डिवाइडर के साथ-साथ जगह-जगह सड़क काटकर गड्ढे कर दिए गए हैं. इन्हें समय पर नहीं भरा गया, जिससे भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
जानकारी के अनुसार चौपारण रोड की तरफ लगभग 5 किलोमीटर और बरही रोड की तरफ करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी है. कुल मिलाकर 15 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र जाम की चपेट में है. इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा दिक्कत एंबुलेंस और मरीजों को हो रही है. जाम में फंसे लोगों का कहना है कि निर्माण कंपनी द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने और काम अधूरा छोड़ देने से आए दिन इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार अपनी टीम के साथ रात 9:00 बजे से ही मौके पर डटे हुए हैं और जाम को खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस जवान बारी-बारी से वाहनों को पास करा रहे हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण राहत नहीं मिल पा रही है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण कंपनी से मांग की है कि निर्माण के साथ-साथ यातायात की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, डिवाइडर और कटिंग के बाद तुरंत गड्ढों को भरा जाए, और एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए ताकि किसी मरीज की जान जोखिम में न पड़े.
इसे भी पढ़ें: गुटखा लोड कंटेनर में लगी आग, चालक और उपचालक झुलसे