न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव की आपराधिक अपील याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने मामले से संबंधित निचली अदालत का रिकॉर्ड (लोअर कोर्ट रिकॉर्ड) तलब किया है. न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय और न्यायमूर्ति अरुण कुमार राय की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान यह निर्देश जारी किया.
यह मामला रामगढ़ जिले के पतरातू थाना कांड संख्या 250/2015 से संबंधित है. इस मामले में अमन श्रीवास्तव पर हत्या, हत्या की साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं. खंडपीठ ने मामले की आगे की सुनवाई से पहले निचली अदालत में हुई कार्यवाही का पूरा रिकॉर्ड प्रस्तुत करने का आदेश दिया है. लोअर कोर्ट रिकॉर्ड प्राप्त होने के बाद ही अपील पर अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की जाएगी.