सियालजोरी धरना केस: धनबाद कोर्ट में पेश हुए विधायक जयराम महतो; JPSC आंदोलन पर कह दी बड़ी बात 

Dipali Kumari

डुमरी विधायक जयराम महतो आज सियालजोरी इलेक्ट्रो स्टील धरना मामले में धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे.

न्यूज़11 भारत 
धनबाद/डेस्क: 
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो आज शुक्रवार को सियालजोरी इलेक्ट्रो स्टील धरना मामले में धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे. कोर्ट में पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने खिलाफ दर्ज केस, रांची में चल रहे JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन और धनबाद में हालिया ED कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

जयराम महतो ने कहा कि सियालजोरी स्थित इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम केवल पोस्टर में होने के कारण शामिल किया गया. इसी मामले में उन्हें न्यायालय में उपस्थित होना पड़ा. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है. इसके बावजूद वे कानून का सम्मान करते हैं और न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग दे रहे हैं.

रांची में चल रहे JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि छात्रों ने पहले ही निर्णय लिया था कि आंदोलन के मंच पर किसी भी राजनीतिक दल या नेता को स्थान नहीं दिया जाएगा. छात्रों के इस फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने मंच साझा नहीं किया, लेकिन उनकी मांगों के समर्थन में हरसंभव सहयोग दिया. उन्होंने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो लगातार इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं और छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं.

वहीं धनबाद में हाल ही में हुई ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की है, उनके खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई होना स्वाभाविक है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ेगी SIR की तिथि, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिया बड़ा अपडेट