सिमडेगा का आम्रपाली आम पहुंचा इटली, किसानों की दूसरी अंतरराष्ट्रीय खेप हुई रवाना

Vaibhaw Vikram

न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क:
सिमडेगा जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आम्रपाली आम अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार अपनी पहचान बना रहा है. मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागानों से उत्पादित आम्रपाली आम की दूसरी अंतरराष्ट्रीय खेप मंगलवार को इटली के लिए रवाना की गई. सिमडेगा के प्रसिद्ध हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम परिसर से उपायुक्त, सिमडेगा कंचन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर आम से लदे वाहन को रवाना किया. उन्नत किस्म के एक मेट्रिक टन आम्रपाली पिकअप वाहन से कोलकाता रवाना किया गया जहां से कार्गो विमान से इटली के लिए भेजा जाएगा.

जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा एवं जेएसएलपीएस के अभिसरण से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम जिले के आम उत्पादक किसानों को बड़े खरीदारों और निर्यात एजेंसियों से जोड़ा गया है. इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है और सिमडेगा का आम्रपाली आम देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों के बाजारों तक पहुंच रहा है.

उल्लेखनीय है कि उक्त निर्यात कंसाइनमेंट का संचालन जेएसएलपीएस के अनुसमर्थन में महिला जागृति प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है. कंपनी के माध्यम से किसानों से गुणवत्तापूर्ण आम्रपाली आम का संग्रहण, छंटाई, पैकेजिंग एवं विपणन कार्य किया गया है. उत्पादक कंपनी किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने तथा उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ बाजार की स्थायी व्यवस्था भी विकसित हो रही है.

जिले के विभिन्न प्रखंडों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों के किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार की नई संभावनाएं भी खुल रही हैं. इस अवसर पर कंचन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें स्थायी एवं लाभकारी बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है. किसानों के उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना जिले के लिए गर्व की बात है तथा इससे अन्य किसान भी बागवानी एवं उद्यानिकी गतिविधियों की ओर प्रेरित होंगे.

उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों से किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है. सिमडेगा का आम्रपाली आम अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान बना रहा है. जिला प्रशासन आगे भी किसानों को मूल्य संवर्धन, विपणन एवं निर्यात के अवसरों से जोड़ने के लिए सतत प्रयास करता रहेगा.

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सिमडेगा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस, परियोजना पदाधिकारी मनरेगा, जेएसएलपीएस के सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, मनरेगा बीपीओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में सिमडेगा का आम्रपाली आम वैश्विक बाजार में और अधिक पहचान बनाएगा तथा इससे जिले के हजारों किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. यह पहल किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो रही है.

यह भी पढ़ें: SIR को लेकर मनोहरपुर में जागरूकता अभियान, अनमैप्ड मतदाताओं से मैपिंग कराने की अपील