जनगणना 2027: सिमडेगा झारखंड के अग्रणी जिलों में शामिल, HLO कार्य की उपलब्धि पहुंची 100%

Vaibhaw Vikram

न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क:
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में सिमडेगा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत प्रगति दर्ज की है. उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह के नेतृत्व, प्रभावी नियोजन एवं सतत निगरानी के परिणामस्वरूप जिला झारखंड के उन अग्रणी जिलों में शामिल हुआ है, जिन्होंने निर्धारित अवधि में इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक पहले पूर्ण  करने में  स्थान प्राप्त किया. दिनांक 09 जून 2026 को CMMS पोर्टल पर प्रदर्शित प्रगति के अनुसार जिले में HLO कार्य की उपलब्धि 100 प्रतिशत दर्ज की गई. यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, टीम भावना एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है.

इस उपलब्धि पर जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड निदेशक प्रभात कुमार द्वारा उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह को पत्र प्रेषित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं. अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि दुरूह भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन ने जिस प्रतिबद्धता, तत्परता एवं कुशल नेतृत्व के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूर्ण किया है, वह अत्यंत सराहनीय है.

उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिला प्रशासन की संपूर्ण टीम चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों एवं संबंधित सभी कर्मियों के समर्पण और मेहनत को दिया. साथ ही जिले से ऐसे दो चार्ज पदाधिकारियों के नाम अनुशंसित करने का अनुरोध किया गया है, जिन्होंने इस अभियान में विशेष योगदान दिया हो, ताकि उन्हें उस कार्यालय स्तर से प्रशंसा / प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जा सके. निदेशक ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की जनगणना 2027 के आगामी चरणों एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी सिमडेगा जिला इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा.

यह भी पढ़ें: झारखंड के कई जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं