न्यूज़11 भारत
खलारी/डेस्क: बुकबुका पंचायत के रेलवे प्लांट के समीप स्थित सोलर जलमीनार पिछले करीब छह माह से खराब पड़ा है, जिसके कारण आसपास के ग्रामीणों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जल संकट को देखते हुए पूर्व मुखिया स्व. सोमरी राम द्वारा इस सोलर जलमीनार का निर्माण कराया गया था, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी.
ग्रामीणों के अनुसार जलमीनार खराब होने के बाद से लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने खलारी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रणव कुमार अम्बष्ट को आवेदन सौंपा है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में वर्तमान मुखिया पारसनाथ उरांव से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन मरम्मत कराने का आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जा रहा है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रणव कुमार अम्बष्ट ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और जल्द ही जलमीनार की मरम्मत कराकर पेयजल व्यवस्था बहाल की जाएगी.
यह भी पढ़े: लोहरदगा: 30 मई को होगा इंटक यूनियन का महाधिवेशन, श्रमिकों की मांगों को लेकर किस्को में बनी रणनीति