रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चाईबासा में रक्षाबंधन पर इस बार चाईबासा डाकघर ने बहनों के लिए खास तोहफा तैयार किया है. अब बहनों को डाकघर की लंबी कतारों में खड़े होकर राखी भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी. डाक विभाग स्कूलों और कॉलेजों से ही सीधे राखी की स्पीड पोस्ट की व्यवस्था कर रहा है.
सहायक डाक अधीक्षक चाईबासा ने बताया कि रक्षाबंधन सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि स्नेह और विश्वास का प्रतीक है. इसी सोच के साथ विभाग ने दूरी कितनी भी हो, हर भाई की कलाई तक समय पर राखी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए डाक विभाग की एक विशेष टीम स्कूल पहुंचकर छात्रों से राखी एकत्र करेगी और वहीं से स्पीड पोस्ट कर देगी. इससे बच्चों और अभिभावकों को डाकघर जाने की परेशानी नहीं होगी.
इस बार नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए हाथ से बनी राखी प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है. छात्र अपने हाथों से रचनात्मक राखी तैयार करेंगे. हर स्कूल से सर्वश्रेष्ठ 10 बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. वहीं पूरे मंडल से चुने गए 10 सबसे उत्कृष्ट प्रतिभागियों को विशेष महा-पुरस्कार मिलेगा.
सावन में बारिश से राखी खराब न हो, इसके लिए वाटरप्रूफ लिफाफे की भी व्यवस्था की गई है. ये लिफाफे मुख्य डाकघर से लेकर ग्रामीण डाकघर तक मिलेंगे. पूरी सेवा का शुल्क सिर्फ 70 रुपये रखा गया है. इसमें 10 रुपये लिफाफा, 55 रुपये स्पीड पोस्ट और 5 रुपये विविध शुल्क शामिल है.
भीड़ नियंत्रण के लिए सभी मुख्य डाकघरों में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे. साथ ही राखियों की समय पर और सुरक्षित डिलीवरी के लिए एक समर्पित टीम तैनात की जाएगी. डाक विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से बच्चों में रचनात्मकता बढ़ेगी और डाक सेवाओं से उनका जुड़ाव मजबूत होगा.