प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
गुमला/डेस्क: रांची–गुमला मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवागढ़ा के समीप कल शनिवार की देर शाम करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान चेटो गौरटोली निवासी 18 वर्षीय सुजीत उरांव के रूप में हुई है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सुजीत उरांव अपनी बाइक से अकेले सिसई की ओर से भरनो की तरफ आ रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. खरवागढ़ा के समीप पहुंचते ही चालक अचानक बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा. दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक सड़क पर गिरकर घायल अवस्था में काफी देर तक तड़पता रहा.
घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना के एएसआई वशिष्ठ नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवक को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि दुर्घटना में युवक का एक हाथ टूट गया है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-23 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक की तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: ट्रांसफॉर्मर मरम्मत के दौरान बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत, परिजनों में आक्रोश