राजधानी रांची में नहीं थम रहा तेज रफ्तार का कहर, कचहरी चौक के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक-युवती घायल

Ark Sahuliyar

राजधानी रांची के कचहरी चौक के पास सड़क हादसा, बाइक सवार युवक-युवती घायल 

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
राजधानी रांची के कचहरी चौक के पास रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक-युवती घायल हो गए. तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार युवती के पैर में गंभीर चोट आई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवान तुरंत राहत कार्य में जुट गए. घायल युवती को ई-रिक्शा की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है. वहीं बाइक सवार युवक को भी मामूली चोटें आई हैं.

इधर, हादसे के बाद कार चालक को कोतवाली थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के कारण कुछ देर तक कचहरी चौक के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया.

यह भी पढ़ें- सैकड़ों समर्थकों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं फिटनेस एक्सपर्ट सुमित दुबे ने थामा BJP का दामन