अहिल्यापुर में छात्रों का सड़क जाम, निर्माण में अनियमितता के आरोप में थाना प्रभारी व एसआई को हटाने की मांग

Pramod Kumar,News11 Bharat,

ग्रामीणों ने रोका था निर्माण, अहिल्यापुर पुलिस की मौजूदगी में रविवार को ढलाई का कार्य करा दिया गया पूरा

भरत मंडल/न्यूज 11 भारत 

गांडेय/डेस्क:  प्लस टू प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. छात्र विद्यालय परिसर से मुख्य मार्ग होते हुए अहिल्यापुर थाना गेट के समीप पहुंचे और करीब साढ़े तीन घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी और एसआई को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई.

छात्रों का आरोप था कि रविवार को विद्यालय भवन के दूसरे तल्ले की छत की ढलाई ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए रोकी गई थी. इसके बावजूद अहिल्यापुर पुलिस की मौजूदगी में रविवार को ढलाई का कार्य करा दिया गया. इससे ग्रामीणों और छात्रों में आक्रोश है. प्रदर्शनकारी विद्यालय भवन निर्माण में ठेकेदार द्वारा कथित अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए सरकार के निर्धारित मापदंड के अनुरूप निर्माण कराने की मांग कर रहे थे.

प्रदर्शन की सूचना पर गांडेय प्रखंड इंस्पेक्टर कमलेश पासवान मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों से वार्ता की और छह-सात छात्रों के साथ कुछ अभिभावकों को थाना परिसर में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं. वार्ता के बाद छात्रों ने एसडीपीओ के नाम लिखित आवेदन सौंपकर अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुल हक खान और एसआई साजिद खान को हटाने की मांग की.

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि बच्चों की सभी मांगों को सुना गया है. थाना प्रभारी और एसआई को हटाने की मांग सहित पूरे मामले के प्रत्येक बिंदु की जांच की जा रही है. एसडीपीओ के आश्वासन और वार्ता के बाद करीब साढ़े तीन घंटे से जारी सड़क जाम हटाया गया.

प्रदर्शन के दौरान विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: भरनो के खरवागढ़ा में टायर फटने से अनियंत्रित हुई ऑल्टो, डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर पहुंची