न्यूज11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: सोमवार को बहरागोड़ा बाजार स्थित झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित निर्माण सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के प्रशिक्षण केंद्र से नशा मुक्ति के समर्थन में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई. मंदिरा सीट के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया.रैली प्रशिक्षण केंद्र से शुरू होकर बहरागोड़ा बाजार क्षेत्र के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और पुनः प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर नशा मुक्ति और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जोरदार नारे लगाते नजर आए. रैली के माध्यम से युवाओं ने समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया तथा लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की. कार्यक्रम में ट्रेनर जयंती महतो, अभिमन्यु गोंड, कौशल कुमार और सुषमा कुमारी सहित सैकड़ों प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे. सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई.