न्यूज़11 भारत
झरिया/डेस्क: पाथरडीह बीसीसीएल के पाथरडीह कोल वाशरी स्थित मीवान कोल वाशरी की साइडिंग में वर्चस्व को लेकर शनिवार को सांसद ढुलू महतो और रघुकुल समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प में दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्चस्व को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों ओर से लाठी-डंडे, रॉड, पत्थर और तलवार से हमला किए जाने की बात कही जा रही है. मारपीट के दौरान साइडिंग परिसर में अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई.
घटना में कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है. कतरास बाजार निवासी अभिषेक का सिर फट गया, जबकि सरायढेला निवासी रोहित सिंह की भी जमकर पिटाई की गई. सीआइएसएफ जवानों ने रोहित को बचाकर वाशरी प्लांट के अंदर पहुंचाया.
झड़प के दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई. रघुकुल समर्थकों की काले रंग की थार (जेएच 10 सीएल 6969) और ब्रीजा कार (जेएच 10 डीबी 5977) को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना है. वहीं, ढुलू महतो समर्थक की सफेद रंग की स्कॉर्पियो (जेएच 01 पीजे 0206) में भी तोड़फोड़ की गई. सूचना मिलते ही पाथरडीह पुलिस और सीआइएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही दोनों पक्षों के लोग वहां से भाग निकले. करीब आधे घंटे तक साइडिंग परिसर रणक्षेत्र बना रहा. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस और सीआइएसएफ की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया.