न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ सदर प्रखंड के एक सहायक शिक्षक समेत दो लोगों को असम पुलिस ने जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे जंक्शन पर एक विशेष अभियान के दौरान हुई. पुलिस ने शिक्षक के पास से 7 लाख 37 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं. गिरफ्तार शिक्षक की पहचान पाकुड़ प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय केतकापाड़ा के सहायक अध्यापक गुलाब शेख के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके साथ दयाल दास नामक एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी इन जाली नोटों को झारखंड में खपाने की तैयारी में थे.
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुमिता मरांडी ने बताया कि शिक्षक ने पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने का आवेदन देकर एक महीने की छुट्टी ली थी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने पुष्टि की कि असम पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तारी की सूचना दी है. इस सूचना के अनुसार, पाकुड़ के दो व्यक्ति दयाल दास और सहायक अध्यापक गुलाब शेख को जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या शिक्षक जाली नोटों के नेटवर्क का हिस्सा था या मामला कुछ और है. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 12 अगस्त तक बारिश की संभावना, आज देवघर-दुमका समेत कई जिलों में वर्षा के साथ वज्रपात का अलर्ट